देवली, पनवाड़, चांदली, नैनवां मार्ग दूसरे दिन भी बंद
Deoli News 24 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) सीतापुरा ग्राम पंचायत मुख्यालय स्थित भारत सागर तालाब, जिसकी भराव क्षमता 14.5 फीट है, लगातार बारिश के चलते लबालब हो गया। तालाब की चादर डेढ़ फीट चलने से आसपास के क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।
यह तालाब करीब 3 हजार बीघा जमीन को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराता है। इसके अलावा, राजकोट, नयागांव, धारोला, सरदारपुर, कनवाड़ा, निवारिया, श्यावता, बडोली, घाड़, चंदवाड़, मुगलाना, मुगलानी, गेरोली, देवड़ावास और जुनिया गांव के तालाब भी लबालब हो गए। संथली पंचायत के अकोडिया गांव का तालाब रविवार रात को टूट गया, जिससे संथली से अकोडिया का सीधा संपर्क कट गया। बारिश का दौर जारी रहने से सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और आवागमन में बाधा हो रही है। उधर, दूसरे दिन रविवार को भी देवली, पनवाड़, चांदली, नैनवां मार्ग रपटे पर पानी बहने के चलते बंद रहा। वहीं शनिवार को फंसा हुआ ट्रक रविवार सुबह तक नहीं निकल पाया। जिसे निकालने के प्रयास किया जा रहा हैं। इसके अलावा पनवाड़ सागर बांध पर दो फीट की चादर चल रही है। यहां भी लगातार पानी की आवक हो रही है।



