Deoli News 26 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली में नौतपा के दूसरे दिन मंगलवार को भीषण गर्मी का दौर जारी रहा, जिसके चलते अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के कारण लोग दोपहर के समय अपने घरों और दुकानों में दुबके रहने को मजबूर रहे। गर्मी का आलम यह था कि शहर के व्यस्ततम मुख्य बाजार, चौराहे, राष्ट्रीय राजमार्ग और मेगा हाईवे पर सन्नाटा पसरा रहा। पेट्रोल पंप चौराहा, जहाजपुर चुंगी नाका, छतरी चौराहा और चर्च रोड जैसे मुख्य स्थानों पर दोपहर में आवाजाही न के बराबर रही। आमजन की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हुई और लोग ठंडक के लिए कूलर व एसी का सहारा लेते नजर आए। भीषण गर्मी और तपती धूप का असर मवेशियों और पक्षियों पर भी देखने को मिला, जिन्हें छायादार स्थानों की तलाश में इधर-उधर भटकना पड़ा।



