Deoli News 22 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) कुचलवाड़ा कलां के ग्रामीणों ने शुक्रवार को उपखंड अधिकारी जहाजपुर को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें उन्होंने आराजी खसरा संख्या 818/509 की विवादित भूमि पर अतिक्रमण हटाने और सरकारी भवनों व सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए उक्त भूमि को आरक्षित करने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया कि उक्त भूमि पर बाहरी भूमाफियाओं द्वारा फर्जी तरीकों से पट्टे बनवाए गए थे, जिनका आज तक ग्राम पंचायत में कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। इन भूमाफियाओं ने हाल ही में तारबंदी कर निर्माण के लिए पत्थर डलवा दिए हैं। ज्ञापन में मांग की है कि इनका अतिक्रमण हटाकर उन पट्टों की जांच की जाए और भूमाफियाओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी को बताया कि उक्त भूमि बेशकीमती है और देवली नगरपालिका की भी इसमें रुचि है। वर्तमान में हनुमान नगर अलग से ग्राम पंचायत बनाने का प्रस्ताव राज्य सरकार के पास लंबित है और यदि ऐसा होता है तो हनुमान नगर में राजकीय भवनों के निर्माण के लिए पर्याप्त भूमि नहीं होगी।
वहीं बाहरी माफिया की ओर से फर्जी तरीके से 33 पट्टे जारी किए गए थे। जिनका मामला उच्च न्यायालय में गया, जिनके पट्टे न्यायालय ने निरस्त कर दिए थे। ज्ञापन सौपने में दुर्गालाल जांगिड़, पुष्पेंद्र शर्मा, सत्येंद्र शर्मा, अरविंद उपाध्याय, भगत सिंह, रामदेव रेगर, मानसिंह मीणा, रमेश गुर्जर, विक्रम गुर्जर, हेमराज योगी, धर्मराज गुर्जर, कमल शर्मा, चेतन शर्मा, अभिषेक सुवालका, मनोज सैनी, मनोज शर्मा, दरियावनाथ, निर्मल जैन, जगदीश सोयल, दीपक सेन और राजसिंह, परमेश्वर सोयल शामिल हैं।



