मंगलवार रात्रि को मंदिरों में हुई भजन संध्या व रात्रि जागरण
Deoli News 26 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) महाशिवरात्रि पर बुधवार को शहर के शिवालय महादेवजी के जयकारो से गूंज उठे। सुबह 4 बजे से ही महिलाओं, पुरुष व बच्चों की मंदिरों में भीड़ उमड़ने लगी। मंदिरों में भगवान शिव को पंचामृत, शहद, शक्कर, घी व कच्चे दूध से अभिषेक किया गया।
वहीं भांग, धतूरा, गाजर, बैर अर्पित करते किए गए। इस दौरान श्रद्धालुओं की ओर पंचाक्षर मंत्र, शिव तांडव स्तोत्र एवं शिव रक्षा सूत्र के साथ ही शिव सहस्त्रनाम का जाप भी किया गया। साकेत कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में ज्योति कॉलोनी व साकेत कॉलोनी में रात भजन संध्या हुई। साकेत कॉलोनी शिव मंदिर समिति के महामंत्री ओमप्रकाश माहेश्वरी ने बताया कि भजन संध्या में शिवराज एंड पार्टी में शामिल कलाकार अजीत सिंह व शिवराज सिंह कुंचलवाड़ा, कालु बिजोलिया, कुंदन शर्मा सिंगोली ने भजन प्रस्तुत किए। वहीं 7 वर्षीय बालिका शिवांशी तोतला ने नटवर नागर नंदा भजन की प्रस्तुति दी। इस दौरान भजन संध्या के शिव मंदिर निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाली वार्ड सीता जैन एवं उनके पति व पार्षद भीमराज जैन का भी शाल व माल्यार्पण कर ज्योति कॉलोनी व साकेत कॉलोनी के लोगों ने सम्मान किया। शहर के रोडवेज बस स्टैंड परिसर स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में भी बीती रात जागरण हुआ।
महादेवजी की बारात निकली
जयपुर रोड देवली स्थित शिवनगर कॉलोनी में शिव विवाहोत्सव कार्यक्रम के तहत रात्रि जागरण हुआ। इसमें विभिन्न कलाकारों द्वारा भोलेनाथ के भजनों की सुंदर प्रस्तुतियां दी गई। सुबह कॉलोनीवासियों द्वारा भगवान शिव का सामूहिक अभिषेक किया गया और बाद में भगवान भोलेनाथ की बारात के लिए झांकी तैयार की गई।
पूजा के बाद शिव बारात शिव मंदिर से डीजे के साथ शुरू हुई। भगवान की बारात कॉलोनी के मुख्य मार्ग से होती हुई वापस पशुपतिनाथ शिव मंदिर प्रांगण में पहुंची। कॉलोनीवासियों द्वारा जगह-जगह भोलेनाथ की बारात का पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। बारात शिव मंदिर पहुंची। इसके बाद भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना कर कार्यक्रम संपन्न हुआ।


