Deoli News 27 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) समीप के पनवाड़ गांव में इस वर्ष भी महाशिवरात्रि पर श्रीभूतेश्वर महादेव मंदिर परिसर में रात्रि जागरण हुआ। वहीं गुरुवार को बावड़ी के बालाजी से ध्वज की पूजा अर्चना के साथ शोभायात्रा रवाना हुई।
जिसका जगह-जगह पर स्वागत किया गया। कार्यक्रम से जुड़े महावीर माली, रमेश माली, दुर्गेश माली ने बताया कि मेला हमारी संस्कृति और परंपरा है। जिसे हर साल निभाया जा रहा है। शोभायात्रा बावड़ी के बालाजी से शुरू होकर सदर बाजार, खाती मोहल्ला, माली मोहल्ला, रेगर मोहल्ला होते हुए श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यहां जयकारों के बाद ध्वज चढ़ाया गया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में श्रीभूतेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में गेट का निर्माण कार्य चल रहा है। लोगों के सहयोग से यह संभव हुआ है। इससे मंदिर का सौंदर्यकरण बढ़ेगा।




