Deoli News 27 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) स्टूडेंट पुलिस कैडेट यूनिट के तहत पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय देवली के छात्र-छात्राओं ने सदर थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय बूंदी का शैक्षिक भ्रमण किया। प्राचार्य नवरतन मित्तल ने छात्रों को सुबह चार एस्कॉर्ट्स के साथ बस द्वारा रवाना किया।
इस शैक्षिक अनुशासन और सुरक्षा संबंधी यात्रा में शिक्षक और कार्यक्रम से जुड़े अधिकारी भी मौजूद थे, जिन्होंने छात्रों को निर्देश दिए। बूंदी पहुंचने पर छात्रों का स्वागत पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा और उपअधीक्षक उमा शर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली के विभिन्न पहलुओं को समझाते हुए अपराध नियंत्रण, साइबर क्राइम और यातायात नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। यहां पुलिस स्टेशन का कार्य और एफआईआर प्रक्रिया दर्ज करने की प्रक्रिया और किसी अपराध की जांच के विभिन्न चरणों के बारे में बताया गया।
वहीं ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर बुलिंग और डिजिटल सुरक्षा उपायों पर विशेष चर्चा हुई। इस शैक्षिक भ्रमण के दौरान छात्रों ने पुलिस अधिकारियों से संवाद किया और कानून व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को समझा।


