बारिश में सावधानी बरतने के लिए निर्देश
Deoli News 2 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) प्रदेश में मानसून के प्रवेश के साथ ही विद्युत संबंधी सावधानी बरतने को लेकर मंगलवार को जयपुर विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता ने आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की है।
कनिष्ठ अभियंता चंद्रशेखर के अनुसार इस एडवाइजरी में बताया कि मानसून प्रदेश में प्रवेश कर चुका है। लिहाजा आमजन को बिजली संबंधी सावधानी बरतनी होगी। उन्होंने बिजली के खम्बों को नहीं छूने, इन खम्बों के मवेशियों को नहीं बांधने, बिजली की लाइनों के नीचे किसी तरह का कार्यक्रम नहीं करने, नए भवनों में बिजली की लाइनों की उचित दूरी रखने, खेत की मेड़ पर लगे खंभे से उचित दूरी रखने, बिजली की स्पार्किंग होने पर तत्काल निगम कर्मचारियों को बताने, बारिश में स्पार्किंग होने की स्थिति में आसपास के भरे पानी में नहीं जाने, ट्रांसफार्मर बिजली के तार व लाइन पर कुंडी नहीं डालने, नीचे झूलती बिजली की लाइनों के संबंध में निगम कर्मचारियों को समय पर सूचना देने, घर में अच्छी गुणवत्ता के बिजली उपकरण काम में लेने सहित 20 बिंदुओं को लेकर एडवाइजरी जारी की है। विद्युत निगम की इस सलाह का उद्देश्य बारिश में लोग विद्युत जनित हादसों से बच सके।



