Deoli News 7 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के अम्बापुरा कॉलोनी का मुक्तिधाम इन दिनों बेहद खस्ताहाल स्थिति में है। मानसून की पहली बारिश के साथ ही यहाँ का पूरा परिसर कीचड़ व गंदगी में बदल गया है।
चारों ओर फैली गंदगी और घुटनों तक गहरे कीचड़ के कारण यहाँ आने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि हाल ही में एक अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों को शव लेकर जाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कीचड़ के कारण फिसलने और दुर्घटना होने का डर बना रहता है। लोगों की स्थिति यह रही कि खड़े रहने तक की जगह नहीं मिली। यहाँ पानी की निकासी का कोई उचित इंतजाम नहीं है और मुख्य रास्ते से लेकर दाह संस्कार स्थल तक का मार्ग पूरी तरह कच्चा है, जो बारिश में कीचड़ से भर जाता है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से समस्या पर ध्यान देने की मांग की है। लोगों ने बताया कि यह क्षेत्र अब नगर पालिका देवली का हिस्सा भी है।


