Deoli News 7 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के जयपुर रोड स्थित केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) आरटीसी के आवासीय परिसर की दीवार के समीप शुक्रवार शाम एक व्यक्ति का शव मिला।सूचना पर देवली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अधिकार में लिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान आत्माराम पुत्र भंवर जाट निवासी रामपुरा थाना दूनी के रूप में हुई है। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई गई है और वह पिछले चार-पांच दिनों से घर से लापता था। उसका शव जयपुर रोड स्थित मस्जिद के सामने सीआईएसएफ की दीवार के समीप मिला। सूचना पर देवली डीएसपी हेमराज, थाना प्रभारी प्रीति सहित पुलिसकर्मी इस्माइल मौके पर पहुंचे। मृतक के पास मिले मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलने पर देवली पहुंचे मृतक के भाई ने शव की पहचान आत्माराम के रूप में की। पुलिस ने बताया कि मृतक के हाथ में इंजेक्शन लगा हुआ मिला है, जो प्रथम दृष्टया नशे से संबंधित होने की संभावना जताई जा रही है।
हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। शव को देवली अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा।


