रविवार रात रीति रिवाज व परंपरा से हुआ होलिका दहन
Deoli News 25 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर सहित देवली क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्र में सोमवार को धुलण्डी पर्व पर लोगों ने परस्पर रंग गुलाल लगाकर होली की खुशी मनाई। इस मौके पर लोग रंगों के रंग से सरोबार दिखे।
हालांकि गत वर्षो के मुकाबले इस बार लोग सुबह देरी से होली खेलने निकले। सुबह 10 बजे बाद रंग गुलाल लगाने का दौर शुरू हुआ। लोग अपने परिचितों के घर गए तथा रंग, गुलाल लगाकर होली की बधाई। युवा बाइक व स्कूटी पर घूम घूमकर गुलाल उड़ाते रहे। महिलाएं, बच्चे व युवतिया भी गुलाल लगाने में पीछे नहीं रही। कई जगह पर ढोल, चंगा, कार साउंड व डीजे पर युवा झूमते नजर आए। इससे पहले शहर में रविवार देर रात को पूजा अर्चना के बाद होली दहन कार्यक्रम हुआ। लोगों ने रीति रिवाज के अनुसार गेहूं की बालियां सेकी। होली के गीत, भजन गाए। शहर के छतरी चौराहा पर पटेल चौक ग्रुप द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ।

रात को 11.15 के बाद शहर के छतरी चौराहा, जनता कॉलोनी, एजेंसी एरिया, साकेत कॉलोनी, अग्निशमन स्थित झुग्गी झोपड़ी में, पटेल नगर स्थित शिकलीगर बस्ती में होलिका दहन किया गया। शहर के अलग अलग हिस्सों में पुरुषों ने चंग की थाप पर फाग के गीत गाकर होली की बधाई दी। सुरक्षा के लिहाज से अलग-अलग जगह पर पुलिसकर्मी नियुक्त रहे।


