Sunday, April 19, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeAdministrationनिवेशकों ने किए 2525.63 करोड़ के 82 एमओयू

निवेशकों ने किए 2525.63 करोड़ के 82 एमओयू

राइजिंग टोंक इन्वेस्टर मीट 


Desk News 29 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जयपुर में आगामी 9 से 11 दिसंबर तक प्रस्तावित राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट-2024 को लेकर शुक्रवार को जिला स्तरीय राइजिंग टोंक इन्वेस्टर मीट का समारोहपूर्वक आयोजन कृषि ऑडिटोरियम में हुआ। इस दौरान जिले के औद्योगिक विकास की संकल्पना साकार हुई।

कार्यक्रम में निवेशकों ने उत्साह से 2525.63 करोड़ रुपए के 82 एमओयू किए। जिससे हज़ारों लोगो को रोजगार मिलेगा। जिले के औद्योगिक परिवेश और उद्योग व्यापार पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऊर्जा एवं जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने निवेशकों और उद्यमियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला स्तरीय इन्वेस्टर मीट के लिए 82 एमओयू के प्रस्ताव प्राप्त हुए है। इनसे 2525 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश आएगा। करीब 7 हजार से अधिक लोगो को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा अनुसार यह मीट जिले में औद्योगिक वातावरण को तैयार कर युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार प्रदान करने में सहायक होगा।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि इंडस्ट्री को चलाने के लिए सबसे अधिक आवश्यकता ऊर्जा की होती है। राज्य सरकार सौर ऊर्जा एवं अक्षय ऊर्जा में देश में प्रथम पायदान पर है। साथ ही राज्य को ऊर्जा की दृष्टि से आत्मनिर्भर बनाने के लिए हमारी सरकार ने कई निर्णय लिए है। आरडीएसएस योजना के तहत किसान, उपभोक्ता एवं औद्योगिक संस्थानों को पर्याप्त बिजली देने की व्यवस्था की जा रही है। उद्योगों को बिना ट्रिपिंग के बिजली मिले. इसके लिए सिस्टम में सुधार किया जा रहा है। उन्होंने सभी से पीएम सूर्य घर योजना को अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने कहा कि किसी भी देश एवं राज्य की तरक्की में इंडस्ट्री का महत्वपूर्ण योगदान होता है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना होगा। कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने कहा कि राइजिंग टोंक इन्वेस्टर मीट के माध्यम से राज्य सरकार की मंशानुरूप निवेशकों एवं उद्यमियों को व्यापार के अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाकर समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा। उद्यमियों को आवश्यक सुविधाएं देने में किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।

रीको औद्योगिक संघ टोंक का कार्यक्रम में मंच संचालन कवि प्रदीप पंवार ने किया। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के जिला उद्योग अधिकारी कुलदीप बड़सर ने धन्यवाद व्यक्त किया। कार्यक्रम में देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर, निवाई-पीपलू विधायक रामसहाय वर्मा, जिला प्रमुख सरोज बंसल, जिला प्रभारी सचिव अर्चना सिंह, पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, पूर्व विधायक अजित मेहता, रीको जीएम सीताराम मीणा, रीको औद्योगिक संघ निवाई के अध्यक्ष पारस जैन, रीको औद्योगिक संघ देवली के कृष्ण कुमार गोयल समेत औद्योगिक संघों के पदाधिकारी, स्थानीय निवेशक, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी सहित उद्योग से जुड़े लोग उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

%d