Deoli News 11 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) रामीदेवी कॉलेज ऑफ नर्सिंग देवली ने विश्वविद्यालय परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की है। कॉलेज के बीएससी नर्सिंग प्रथम सेमेस्टर एवं पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने शत-प्रतिशत परिणाम प्राप्त कर संस्थान का नाम गौरवान्वित किया है।
इसी तरह तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत परिणाम अर्जित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। संस्थान के निदेशक डॉ. महेश जिन्दल, डॉ. कल्पना जिन्दल और डॉ. राघव जिन्दल ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, संस्था के अनुभवी शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन, अनुशासित शैक्षणिक माहौल को दिया है। संस्था प्रधान डॉ. मुरारी लाल धाकड़ और डॉ. चंदू भारद्वाज ने बताया कि राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय जयपुर द्वारा अप्रैल माह में आयोजित परीक्षाओं में बीएससी नर्सिंग प्रथम सेमेस्टर में दिशा गुर्जर ने 78.50 प्रतिशत, तृतीय सेमेस्टर में कोमल शक्तावत ने 80.67 प्रतिशत और पांचवे सेमेस्टर में दिक्षिता राठौड़ ने 79.14 प्रतिशत अंकों के साथ अपने सेमेस्टर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
अंगदान महादान: जागरूकता अभियान का सफल आयोजन
रामी देवी कॉलेज ऑफ नर्सिंग, देवली ने ‘अंगदान जागरूकता अभियान’ के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया। कार्यक्रम में संस्था के निदेशक डॉ. महेश जिन्दल, डॉ. कल्पना जिन्दल और डॉ. राघव जिन्दल की उपस्थिति में महाविद्यालय के सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षण स्टाफ ने भाग लेते हुए समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यशाला के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों को अंगदान के महत्व, इसके सामाजिक एवं मानवीय पहलुओं तथा मृत्यु के बाद अंगदान से कई लोगों का जीवन बचाने से संबंधित जानकारी दी गई।
संस्था प्रधान डॉ. मुरारी लाल धाकड़ और डॉ. चंदू भारद्वाज ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से संस्थान के 77 कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने अंगदान करने के संकल्प पत्र भरे हैं।


