विकसित भारत युवा लीडर डायलॉग कार्यक्रम का होगा आयोजन
Desk News 25 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग कार्यक्रम.25 नवंबर से माय भारत पोर्टल पर शुरू होने जा रहा है। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से रूबरू होने का और विकसित भारत के निर्माण में अपने विचार रखने का अवसर देगा।
जिला युवा अधिकारी हितेश कुमार खत्री ने बताया कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के निर्माण में युवाओं के अग्रणी भूमिका की वकालत की थी, इस विचार को लेकर युवाओं को विकसित भारत की भविष्य योजना पूरा करने की दिशा में अपने विचार और दृष्टिकोण प्रस्तुत करने का एक अद्भुत मौका दिया जाएगा। युवाओं के लिए सबसे प्रमुख आकर्षण प्रधानमंत्री से सीधे बातचीत करने और भारत का भविष्य गढ़ने में अपने विचार शामिल कराने का अवसर होगा। इससे राजनीति और नागरिक जीवन में युवाओं की भागीदारी बढ़ेगी। जिला युवा अधिकारी ने बताया कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग कार्यक्रम की चार चरणों में प्रतियोगिता शामिल है।
इसके तहत मेरा युवा भारत प्लेटफॉर्म पर 5 दिसंबर 2024 तक आयोजित होने वाले डिजिटल क्विज में 15 वर्ष से 29 वर्ष की आयु के युवा भाग लेंगे। इसमें प्रतिभागियों के ज्ञान और भारत की उल्लेखनीय उपलब्धियों के बारे में उनकी जानकारी की परीक्षा होगी।


