पुरानी धान मंडी क्षेत्र में बीती रात हुआ हादसा, सिर पर आए टांके, हाथ बुरी तरह झुलसा
Deoli News 22 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दीपावली की अगली रात देवली में वर्षों से चली आ रही आतिशबाजी फेंकने की जानलेवा परंपरा पर फिर एक बार बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। ‘आतिशबाजी फेंकने के मौत का खेल’ आखिर कब थमेगा।

अब तक दर्जनों युवा घायल हो चुके हैं और एक युवक पूर्व में अपनी जान गंवा चुका है? मंगलवार रात को हुए एक गंभीर हादसे का वीडियो वायरल हुआ है, जो इस खतरनाक खेल की भयावहता को उजागर करता है। वायरल वीडियो देवली अंबेडकर सर्कल क्षेत्र का बताया गया है। जांच पड़ताल में सामने आया है कि यह हादसा पुरानी धान मंडी क्षेत्र में हुआ। वही यह युवक भी इसी कॉलोनी का निवासी बताया गया है।

जिसमें स्थानीय युवक आपस में एक-दूसरे पर आतिशबाजी फेंक रहे थे। वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि एक युवक आतिशबाजी लेकर दूसरी ओर फेंकने के लिए दौड़ा। लेकिन जैसे ही वह मुड़ा और कुछ दूरी पर पहुंचा, हाथ में पकड़ी गई आतिशबाजी तेज धमाके के साथ फट गई। यह पटाखा स्काई शॉट बताया गया है। धमाका इतना तेज था कि युवक धड़ाम से जमीन पर गिर गया।
वीडियो देखकर आसपास के युवा भागकर मौके पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार घायल युवक के सिर पर आधा दर्जन से अधिक टांके आए हैं, वहीं उसका हाथ भी बुरी तरह झुलस गया है। यह घटना एक बार फिर अभिभावकों की सतर्कता पर प्रश्नचिह्न लगाती है। यह सवाल बना हुआ है कि जब इस तरह का खेल जानलेवा और अत्यधिक जोखिमपूर्ण है, तो आखिर इसे क्यों खेला जाता है? क्या केवल मनोरंजन के लिए जान को हथेली पर रखना वाजिब है।
पुलिस एवं प्रशासन द्वारा हर वर्ष इसे रोकने की कोशिशें की जाती हैं, लेकिन यह परंपरा थमने के बजाय और बढ़ती जा रही है। देवली चिकित्सालय से मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात आतिशबाजी से जलने के करीब दो दर्जन मामले सामने आए हैं, जिनका उपचार किया गया है। लेकिन, आतिशबाजी से गंभीर रूप से झुलसने का यह वायरल वीडियो बेहद चौंकाने वाला और डराने वाला है।
देवली में गोवर्धन पूजा के अवसर पर हर वर्ष आतिशबाजी फेंकने की यह गलत परंपरा फैली हुई है। ऐसे में, आमजन की जान-माल की हानि को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन को आज रात भी विशेष रूप से सतर्क एवं जागरूक होकर इस जानलेवा खेल पर रोक लगाने की आवश्यकता है।
मैं एसडीएम हूं….फिर पंप कर्मचारी को मारा थप्पड़, तो कर्मचारी ने भी SDM पर उठा दिया हाथ, जानिए क्यों


