Deoli News 22 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय के 200 छात्र-छात्राओं और 14 एस्कॉर्ट्स ने पीएम श्री योजना में एक विशेष एक्सपोजर विजिट किया। इसे लेकर मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जयपुर और बिड़ला प्लैनेटेरियम का दौरा किया गया।
यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों को वैज्ञानिक और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था। प्राचार्य नवरतन मित्तल और प्रधानाध्यापक डीआर मीणा ने सुबह 7 बजे छात्रों की चार बसों को रवाना किया। एमएनआईटी जयपुर में छात्रों ने आधुनिक इंजीनियरिंग प्रयोगशालाओं, शोध केंद्रों और तकनीकी नवाचारों का अवलोकन किया। बिड़ला प्लैनेटेरियम में खगोल विज्ञान और अंतरिक्ष से संबंधित रोचक जानकारियाँ दी गईं। विद्यार्थियों ने सौरमंडल, ग्रह-नक्षत्रों की गतिविधियों और ब्रह्मांड की रहस्यमयी दुनिया को करीब से समझा। प्लैनेटेरियम में प्रस्तुत थ्रीडी शो ने बच्चों को विशेष रूप से आकर्षित किया।
बच्चों को संस्कारवान शिक्षा दे संस्था प्रधान
ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों के देवली प्रधानाचार्यो की सत्रांत वाकपीठ संगोष्ठी नगर पालिका सभागार में हुई। संगोष्ठी में मुख्य अतिथि पारस चन्द जैन सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक ने सभी संस्था प्रधानों को संस्कारवान शिक्षा देने की बात कही। डॉ. सीमा पाराशर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी देवली ने विभागीय निर्देशों की पालना के लिए कहा। वहीं बोर्ड परीक्षा में गुणवत्तापूर्ण शत प्रतिशत रिजल्ट देने की अपेक्षा की।
यहां पदोन्नत जिला शिक्षा अधिकारी भंवरलाल कुम्हार, सेवानिवृत होने वाले प्रधानाचार्य प्रहलाद मीणा प्रधानाचार्य, पनवाड़ का साफा बंधवाकर अभिनंदन किया गया। इस दौरान पप्पूलाल वर्मा प्रधानाचार्य राजमहल ने बालिका शिक्षा एवं प्रोत्साहन योजनाओं पर, दामोदर लाल वर्मा प्रधानाचार्य महात्मा गांधी देवली गांव ने संस्था प्रधान की भूमिका विषय पर वार्ता प्रदान की। जबकि सत्येंद्र जोशी प्रधानाचार्य सतवाडा राजमहल ने ज्ञान संकल्प पोर्टल विषय पर, राजीव कुमार शर्मा प्रधानाचार्य राजकोट में छात्र कल्याणकारी योजनाएं विषय पर वार्ता दी। इसी तरह अन्य संस्था प्रधानों ने भी जानकारी दी। चंद्रप्रकाश माहेश्वरी प्रधानाचार्य चांदली ने एसडीएमसी, एसएमसी की प्रभावी भूमिका विषय पर वार्ता दी। रामराय मीना एसीबीईओ, प्रधान लाल मीणा एसीबीईओ ने भी संबोधित किया।



