विधानसभा उपचुनाव की सभी तैयारियां पूरी, मंगलवार को मतदान दल होंगे रवाना
Deoli News 11 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) विधानसभा उपचुनाव-2024 के लिए 13 नवंबर को होने वाले मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में करवाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौम्या झा ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मतदान दलों को दिए जाने वाले तृतीय प्रशिक्षण एवं मतदान केंद्रों पर रवानगी को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मंगलवार सुबह 7 बजे से विधानसभा क्षेत्र देवली-उनियारा के मतदान दलों को तृतीय प्रशिक्षण के बाद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय टोंक से मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। तृतीय प्रशिक्षण के दौरान ईवीएम व अन्य आवश्यक मतदान से संबंधित सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। 13 नवंबर को 307 पोलिंग बूथों पर मतदान कराने के लिए 1472 मतदानकर्मियों को नियुक्त किया गया है।
3 लाख 2 हजार 743 मतदाता अपने मताधिकार उपयोग करेंगे
विधानसभा क्षेत्र देवली-उनियारा में 3 लाख 2 हजार 743 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें एक लाख 55 हजार 958 पुरुष, एक लाख 46 हजार 784 महिला एवं एक ट्रांसजेंडर मतदाता अपना वोट डालेंगे। युवा, आदर्श, महिला, ईको फ्रेंडली एवं दिव्यांग मतदान केंद्र बनाए गए। देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र में 10 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं। साथ ही, युवा, महिला एवं इको फ्रेंडली 8-8 एवं एक दिव्यांग मतदान केंद्र स्थापित किया गया है। वेबकास्टिंग के लिए 169 मतदान केंद्रों को चिन्हित किया गया है।
एरिया व सेक्टर मजिस्ट्रेट रखेंगे निगरानी
विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए 45 माइक्रो ऑब्जर्वर, 30 सेक्टर अधिकारी एवं 7 एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। वेबकास्टिंग 169 पोलिंग बूथों पर की जाएगी। क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर रहेगी विशेष नजर, सुरक्षा की रहेगी पूरी व्यवस्था जिले के चिन्हित 90 क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर सुरक्षा की दृष्टि से सीएपीएफ की टीम के साथ-साथ पर्याप्त पुलिस जाप्ते की व्यवस्था भी की गई है।



