Deoli News 25 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजकीय उप जिला चिकित्सालय देवली में कार्यरत डॉ. रविराज सिंह ने संगीत के मंच पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ‘वॉयस ऑफ डॉक्टर’ सीजन के फाइनल मुकाबले में उन्होंने द्वितीय पुरस्कार जीतकर देवली का नाम रोशन किया।
यह अंतिम मुकाबला संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में आयोजित किया गया था। डॉ. रविराज सिंह ने बताया कि इससे पहले इस सिंगिंग कॉम्पिटिशन के दो सीज़न जयपुर में आयोजित किए गए थे, जो कि उम्र की कैटेगरी पर आधारित थे। इन प्रतियोगिताओं में बॉलीवुड की जानी-मानी संगीत हस्तियाँ कविता कृष्णमूर्ति, अमित कुमार, और कुमार शानू ने बतौर जज शिरकत की थी। डॉ. रविराज सिंह ने राजस्थान में हुए प्रतियोगिताओं में भी प्रथम स्थान पर रहकर सीजन के टॉप 5 में अपनी जगह पक्की की थी।
अंतिम और तीसरा राउंड 18 से 20 सितंबर को दुबई के एक्सपो में आयोजित किया गया। इस फाइनल मुकाबले में अपनी गायकी का हुनर दिखाते हुए उन्होंने माँ सरस्वती की कृपा से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में पद्मश्री अनुराधा पौडवाल, पद्मश्री सुरेश वाडकर और बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक शान ने बतौर जज अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। डॉ. रविराज सिंह ने सभी अतिथियों और बॉलीवुड हस्तियों से यह पुरस्कार प्राप्त किया।



