नकदी व चांदी के आभूषण चुराए, हनुमान नगर पुलिस को दी रिपोर्ट
Deoli News 6 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर से सटी ज्योति कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने अपने भाई के सूने मकान से हजारों रुपए की नकदी व कीमती सामान चोरी होने की शनिवार को हनुमान नगर थाने में रिपोर्ट दी है। चोरों ने पीड़ित के मकान में जमकर धमाल मचाया तथा सामान बिखेर दिया।
जानकारी के अनुसार यह रिपोर्ट कन्हैयालाल राजपुरोहित निवासी ज्योति कॉलोनी ने दी है। दरअसल कन्हैयालाल शहर के बस स्टैंड परिसर के निकास द्वार के बाहर जोधपुर मिष्ठान भंडार दुकान संचालित करते हैं। वहीं उनके भाई व पीड़ित पर्वत सिंह राजपुरोहित का मकान भी उन्हें के घर के पास स्थित है। उनके भाई पीड़ित पर्वत सिंह राजपुरोहित शादी विवाह में बावड़ी कला जिला फलोदी गए हुए थे।
बीती रात चोरों ने उनके बंद मकान के ताले तोड़े तथा भीतर घुसकर कीमती सामान, 40 हजार रुपए की नकदी, एक किलो चांदी के आभूषण चुरा कर ले गए। चोरों ने कमरे में पलंग समेत समूचा सामान तोड़फोड़ कर बिखेर दिया। वारदात का पता सुबह पड़ोसियों को ताला टूटा हुआ दिखाई देने पर लगा। सूचना पर प्रार्थी कन्हैया लाल राजपुरोहित मौके पर पहुंचे तथा वारदात की जानकारी ली। प्रार्थी ने अपने भाई को वारदात की सूचना दे दी है।



