समर कैंप का निरीक्षण भी किया
Deoli News 26 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शिक्षक संघ (शेखावत) के प्रांतीय आव्हान पर आयोजित वाहन जत्था रैली सोमवार को देवली पहुंची, जहां तहसील शाखा देवली के शिक्षकों ने इसका स्वागत किया।
तहसील अध्यक्ष शिशुपाल चौधरी के नेतृत्व में पेट्रोल पंप चौराहे पर रैली का स्वागत किया गया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों के स्थानांतरण, पदोन्नति, शिक्षक ऐप के अनावश्यक लागू करने और शिक्षा नीति 2020 के खिलाफ सरकार का ध्यान आकर्षित करना है। रैली का नेतृत्व प्रांतीय सहसंयोजक महावीर मीणा, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक लोदवाल और शिक्षक नेता शकील अहमद, टोंक जिलाध्यक्ष प्रकाश चौधरी कर रहे हैं। रैली के माध्यम से सरकार तक अपनी मांगों को दृढ़ता से पहुंचाने के लिए शिक्षक संघ यह प्रयास कर रहा है। वहीं मंगलवार को यह वाहन रैली टोंक से पैदल मार्च में परिवर्तित होगी। जबकि 2 जून को जयपुर में शिक्षकों का प्रदर्शन होगा।
समर कैंप का औचक निरीक्षण
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी देवली रामराय मीणा ने पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देवली में चल रहे समर कैंप का निरीक्षण किया। उन्होंने कैंप में बच्चों के लिए आयोजित रुचिकर और शिक्षाप्रद गतिविधियों का अवलोकन किया। कीर्ति काबरा बच्चों को पारंपरिक मांडना कला सिखा रही हैं, जबकि अनीता वर्मा प्रिया पांचाल और भावना शर्मा बच्चों को नृत्य की बारीकियां सिखा रही हैं।



