-
राम भक्तों का उमड़ा हुजूम
-
कार सेवकों का सम्मान किया
-
आतिशबाजी कर बांटी मिठाइयां
Deoli News 22 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) सैकड़ो वर्षों के इंतजार के बाद आखिरकार सोमवार को श्रीराम तीर्थ अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा हुई। वहीं सदियों का इंतजार खत्म हुआ। इस मौके पर शहरवासियों ने छतरी चौराहे पर एकत्रित होकर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव कार्यक्रम देखा तथा जमकर खुशी का इजहार किया।
इससे पहले लाइव प्रसारण की शुरुआत के साथ ही देवली व आसपास से अयोध्या कार सेवा में गए 54 कारसेवकों का माल्यार्पण कर, दुपट्टा ओढ़ाकर व भगवान राम मंदिर की तस्वीर भेंट कर सम्मान किया। इस मौके पर हजारों लोगों ने मौजूद रहकर एलईडी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से गर्भगृह में की जा रही प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के कार्यक्रम का प्रसारण देखा। वही 12:30 बजे प्राण प्रतिष्ठा समारोह पूरा होते ही कार्यक्रम में जय जय श्रीराम के नारे गूंज उठे। इसे देख लोग भावुक हो गए। इस दौरान जमकर आतिशबाजी की, लोगों ने मिठाई बाटी, गले मिलकर श्रीराम मंदिर निर्माण की बधाई दी। सामूहिक कार्यक्रम में लोग भावुक हो उठे। शंखनाद हुआ व शहनाई गूंजी। युवा भगवान श्रीराम के भजनों पर झूम उठे। वहीं सामूहिक हनुमान चालीसा के पठन से लोगों में जोश भर गया। उसके बाद गली मोहल्ले में लोगों ने आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया।
कुल मिलाकर दीपावली से भी बढ़कर महोत्सव आयोजित हुआ। मुख्य बाजार में कई जगह पर लोगों ने फल व मिठाई बाटकर राम मंदिर निर्माण की खुशी जताई। लोग श्रीराम नाम के नशे में डूब गए।


