सही जवाब नहीं दे पाए अभियंता
Deoli News 28 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बंथली में बुधवार को जनसुनवाई व विकास कार्यों का लोकार्पण समारोह हुआ। यहां सरपंच श्याम सिंह राजावत ने बताया कि जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत अभी तक भी बीसलपुर पेयजल योजना के घर-घर कनेक्शन नहीं किए गए।
वही करोड़ों रुपए की लागत से बनाई गई सीसी रोड को भी खोद दिया गया। सड़क खोदकर उसे वापस दुरुस्त नहीं किया गया। संथली में बनाई गई पेयजल टंकी से आज तक भी बंथली गांव को पेयजल योजना से नहीं जोड़ा गया। इससे जलसंकट का सामना करना पड़ रहा है। सांसद ने जब अधिकारियों से जवाब मांगा तो वे संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाए। सांसद ने नाराजगी जताई व लापरवाह अधिकारियों, कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन योजना में गांव-गांव सड़क खोदने के बाद उसे दुरुस्त करने का काम भी ठेकेदार द्वारा ही कराया जाना है। ग्राम पंचायत अपने खर्च से सड़क को ठीक नहीं कराए।
इस मौके पर सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया, जिला प्रमुख सरोज बंसल, पंचायत समिति सदस्य बनवारी लाल जाट के अलावा सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।


