Deoli News 19 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) स्वतंत्रता सेनानी भूराराम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राजमहल में बुधवार को उल्लास नव भारत साक्षर कार्यक्रम अन्तर्गत एक दिवसीय कार्यशाला हुई।
जिसमें राजमहल, देवीखेडा, सतवाडा, संथली, बंथली, गांवड़ी कासीर व देवली गांव पंचायत क्षेत्र के साक्षरता प्रभारी एवं स्वयंसेवकों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत शिक्षा अधिकारी एवं प्रधानाचार्य रमेशचन्द्र मीणा ने की। साक्षरता अधिकारी सोमाराम बैरवा ने सभी प्रभारियों एवं स्वयंसेवकों से साक्षरता परीक्षा को लक्ष्य अनुसार पूरा करवाने के निर्देश दिए। परीक्षा मार्च माह में आयोजित होगी। यहां कार्यशाला में सुवालाल मीणा, अनिरुद्ध गौतम, कैलाश वर्मा, मूलचंद माली, मुकेश पारीक हंसराज आदि थे।
निवाई स्कूल दल ने जाने पीएम श्री स्कूल के नवाचार
दूनी तहसील स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के नवाचारों को जानने के लिए पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय निवाई के शिक्षक एवं विद्यार्थियों के दल ने ट्यूनिंग स्कूल कार्यक्रम के अंतर्गत दूनी विद्यालय के विभिन्न नवाचार एवं गतिविधियों को देखा। प्रधानाचार्य भंवरलाल कुम्हार ने बताया कि दूनी विद्यालय के विभिन्न नवाचार आज का गुलाब, आज का दीपक, बोलती दीवारें, करियर की दीवार, बाल मॉडल पुस्तकालय, ट्रेन लुक क्लासरूम, शांति भोजनशाला, गुलाब गार्डन, कमल गार्डन, ग्रीन खेल मैदान, ब्यूटी एंड वैलनेस,आईटी एंड आईटीज, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला, ग्रीन स्कूल-क्लीन स्कूल स्मार्ट स्कूल का अवलोकन किया। निवाई के प्रधानाचार्य देवेंद्र प्रसाद ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद कर विभिन्न गतिविधियों की जानकारियां साझा की।



