Deoli News 26 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक-देवली राजमार्ग पर बंथली बाईपास के समीप शनिवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रोले को जब्त कर लिया है।
घाड़ थाना क्षेत्र के इदोदा निवासी गोपीलाल (65) पुत्र छीतर लाल बैरवा शनिवार को दूनी थाना क्षेत्र के बंथली गांव में अपने साले के निधन के बाद अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे। अपरान्ह करीब 3:15 बजे वे बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। बंथली बाईपास पर कट पार करते समय टोंक की ओर से आ रहे ट्रेलर के अगले हिस्से में उनकी बाइक जा घुसी। हादसे में बाइक अगले हिस्से में फंस गई और करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई। दुर्घटना में गोपी लाल की मौके पर ही मौत हो गई।
एएसआई उदयलाल ने बताया कि हादसे के बाद चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रोले को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।


