(पब्लिक इश्यू)
Deoli News 26 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) साइबर अपराधियों ने ठगी करने के लिए नए तरीके अपने शुरू कर दिए हैं। इन तरीकों में एक नया फंडा मोबाइल पर भेजे गए एपीके फाइल के जरिए किया जा रहा है। इस फाइल को डाउनलोड करने वाले व्यक्ति का सभी डाटा हैकर्स के पास चला जाता है।
यूं करते हैं वारदात
दरअसल इन दिनों शातिर साइबर अपराधी मोबाइल व्हाट्सएप ग्रुप पर एक एपीके फाइल एप्लीकेशंस भेजते हैं। यह अलग-अलग नाम से हो सकती है। अब तक इस प्रकार की एप्लीकेशंस पीएम किसान योजना, सीएससी सर्विस, पुलिस योजना के नाम से सामने आई है। हैकर्स इन एपीके फाइल्स को विभिन्न ग्रुप में फॉरवर्ड करते हैं तथा इसे आमजन के लिए लाभकारी बताते हैं। लिहाजा कई लोग इसे और आगे फॉरवर्ड कर देते हैं। कई लोग इन फाइलों के नाम के आधार पर इन्हें इंस्टॉल कर लेते हैं। इंस्टॉल करने के बाद मोबाइल धारक का पूरा एक्सेस हैकर्स के पास चला जाता है। कुल मिलाकर हैकर्स मोबाइल धारक की तरह आपकी सभी गतिविधियां देख सकता है। वही मौका पाकर आपके मोबाइल के ऑनलाइन पेमेंट के जरिए राशि ट्रांसफर कर लेते हैं। देवली में भी एपीके फाइल डाउनलोड के जरिए इस तरह की वारदात हो चुकी है। लिहाजा आमजन को जागरूक व सतर्क रहने की जरूरत है।
यह हुए शिकार
देवली में अब तक तीन से चार ऐसे छोटे मामले हो चुके हैं। जिन्होंने एपीके फाइल डाउनलोड की और बाद में उनका मोबाइल एक्सेस हैकर्स के पास चला गया। इसके बाद हैकर्स ने अपनी मनवांछित एक्टिविटीज की। लेकिन इनमें सबसे बड़ी वारदात गत 20 जून के आसपास हुई। देवली पुलिस के अनुसार इसमें देवली निवासी हेमराज गुर्जर के मोबाइल से 2 लाख़ 75 हजार रुपए का ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कर लिया गया। वारदात का पता लगने पर पीड़ित हेमराज गुर्जर के होश उड़ गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। हालांकि पुलिस की सतर्कता की वजह से 2 लाख़ रुपए होल्ड कर दिए गए। लेकिन इस तरह की फाइल डाउनलोड किए जाने से आमजन ठगी का शिकार हो सकता है।
इस तरह से बचे वारदात से
देवली थाना पुलिस ने बताया कि किसी भी तरह की एपीके फाइल मोबाइल ग्रुप या व्हाट्सएप पर आती है तो उसे किसी भी सूरत में इंस्टॉल नहीं करें। यदि भूलवश यह फाइल इंस्टॉल हो जाती है तो उसे तत्काल डिलीट करें अथवा मोबाइल को रिसेट कर दे। इस तरह की फाइल के अंतिम शब्दों में एपीके लिखा होगा। थाना पुलिस का कहना है कि लोगों को इस तरह की फाइल डाउनलोड करने से बचना होगा। उल्लेखनीय है कि एपीके फाइल सत्यापित या संरक्षित नहीं हैं। यह खतरनाक मैलवेयर, स्पाईवेयर और वायरस के साथ आ सकती हैं, जो आपके डिवाइस को नुकसान पहुंचा सकते हैं और आपका व्यक्तिगत डेटा और वित्तीय जानकारी भी चुरा सकती हैं।



