-
चार जगह पर चोरी का प्रयास
-
एक जगह वृद्ध महिला को बंदी बनाकर की वारदात
-
देवली में पुलिस का भय खत्म
Deoli News 26 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली शहर व आसपास की बस्ती इन दोनों चोर, नकबजनों व लुटेरों की शरण स्थली बन गया है। जहां प्रतिदिन किसी ने किसी तरह की वारदात सामने आ रही है। अलबत्ता यह कहा जा सकता है कि देवली थाना क्षेत्र में वारदाते बेलगाम हो चुकी है। गुरुवार रात चोरों व नकबजनों ने हद कर दी। यहां चोरों की निकली बारात ने एक वृद्ध महिला को बंदी बनाकर वारदात को अंजाम दिया। यह मामला बेहद सनसनीखेज है।
जिसे सुनकर लोग घर में रहने के बावजूद डरने लगेंगे। कॉलोनीवासियों ने बताया कि यह वारदात शहर के जयपुर रोड स्थित आदर्श इंडियन पब्लिक स्कूल के पीछे बनी शिव कॉलोनी में हुई। जहां एक साथ चार मकानों में चोरी के प्रयास हुए और एक मकान में वारदात हुई। लोगों ने बताया कि यह बदमाश रात करीब डेढ़ बजे कॉलोनी में घुसे। जिन्होंने कॉलोनी निवासी सुरेश वर्मा के मकान का ताला तोड़ा। यहां संभवतः जाग होने की वजह से वे भाग छूटे। इसके बाद चोरों ने हीरालाल मीणा के मकान में भी चोरी करने की कोशिश की। उन्होंने यहां मकान के बाहर की कुंडी बंद कर दी तथा वारदात करने का प्रयास किया।
इसी तरह कॉलोनी के राजेंद्र मीणा के नवनिर्मित मकान में भी चोर घुसे। हालांकि यह मकान नया बना था। इस वजह से चोरों को यहां कुछ नहीं मिला। लेकिन उन्होंने पूरा मकान खंगाला। इसके अलावा चोरों ने 3:45 बजे करीब एक कोचिंग क्लासेज के छात्रावास में भी चोरी करने की नीयत से कोशिश की। उन्होंने यहां गेट खोला। लेकिन गेट के बाहर लगे कर्मचारियों के पलंग की वजह से पूरा गेट नहीं खुल सका। इस दरमियान महिला कर्मचारी जाग गई और उसने हॉस्टल से जुड़े मालिक व कर्मचारियों को फोन किया।
“बुढ़िया चुपचाप बैठी रहों, नहीं तो जान से मार देंगे”
सबसे सनसनीखेज वारदात कॉलोनी में कारीगरी का काम करने वाले नरेश कुमावत के घर पर हुई। यहां चार बदमाशों ने मकान की खिड़की खोलकर भीतर प्रवेश किया तथा ग्राउंड लेवल पर बने कमरे में सो रही 60 वर्षीय गायत्री देवी को दबोच लिया। उन्होंने डंडे के बल पर गायत्री देवी को कुर्सी पर बंदी बना लिया और मकान में रखी कीमती चीजों के बारे में जाना। इन बदमाशों ने बुजुर्ग गायत्री देवी को तनिक भी आवाज करने पर मारने की धमकी दी।
लिहाजा गायत्री देवी चुपचाप बैठी देखती रही। बदमाशों ने गेहूं के ड्रम में रखी चांदी की पायजेब, चांदी की चूड़ी व अलमारी में रखे करीब 2 से 4 हजार रुपए की नकदी लूट ली। वही जाते वक्त महिला के कानों पर भी नजर पड़ी। बदमाशों ने महिला से कहा कि वह अपने कानों के इयररिंग्स खोल के दे दे नहीं तो उसे मौत के घाट उतार देंगे। वृद्ध महिला गायत्री देवी ने बताया कि यह जेवरात आर्टिफिशियल है। बावजूद इसके बदमाशों ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर गायत्री देवी के कानों की जांच की। उन्हें यह लगा कि यह वाकई आर्टिफिशियल है। तब बदमाश यहां से रवाना हुए। पीड़ित नरेश कुमावत ने बताया कि इन बदमाशों ने भगवान की तक में रखे 200 रुपए भी नहीं छोड़े। इस वारदात का पता तब लगा, जब पीड़ित नरेश व उसका पुत्र नीचे आने लगे तो भीतर से कुंडी बंद की थी। तब उन्होंने मां को फोन किया। गेट खोलने पर गायत्री देवी ने पुत्र को आप बीती सुनाई।
सूचना पर शुक्रवार अलसवेरे थाना पुलिस के सहायक उप निरीक्षक दिलीप सिंह मौके पर पहुंचे और कॉलोनीवासियों से वारदात की जानकारी ली। वहीं इसके बाद देवली थाना प्रभारी राजकुमार नायक भी वारदात स्थल पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। लेकिन उक्त वारदात से लोगों में भय का माहौल है। बता दे कि इस कॉलोनी में अब तक वारदातों का पैरामीटर एक दर्जन से ऊपर पहुंच चुका है। कॉलोनीवासियों ने बताया कि वारदातों की वजह से उन्होंने दो निजी गार्ड भी रखे हैं। बावजूद इसके यह वारदात हो गई।



