Deoli News 2 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) भीलवाड़ा के सांगानेर में लोक देवता बाबा रामदेव के देवरी मंदिर में कुछ लोगों की ओर से जातिगत शब्दों से गाली-गलौज करने और लोगों पर हमला करने की डॉ. अंबेडकर विचार मंच देवली ने निंदा की है।
इसे लेकर मंच ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार शैतान सिंह को ज्ञापन दिया है। ज्ञापन में बताया कि सांगानेर में लोक देवता बाबा रामदेवजी का देवरी मंदिर है, जहां हर वर्ष बाबा रामदेव का झंडा व शोभायात्रा प्रशासन की स्वीकृति से निकाली जाती है। लेकिन हाल ही में गत 31 जुलाई को बाबा के मेले और जुलूस आदि को लेकर की मीटिंग हो रही थी, आरोप लगाया कि इस बीच सुबह 10 से 11 बजे गांव के करीब एक दर्जन से अधिक लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर आए, जिन्होंने यहां मौजूद समाज के लोगों को जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया और उन पर हमला किया, जिससे समाज के कई लोगों और महिलाओं को चोट आई है। वहीं, स्थानीय पुलिस चौकी को सूचना दी तो पुलिस ने भी लोगों को धमकाया।
ज्ञापन में बताया गया कि आरोपियों से रेगर समाज एवं बाबा रामदेव के श्रद्धालुओं को खतरा बना हुआ है। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि सामाजिक सौहार्द बना रहे, नहीं तो अंबेडकर विचार मंच प्रदेश स्तर पर आंदोलन करेगा। ज्ञापन सौंपने में मंच अध्यक्ष राजबहादुर वर्मा, यादराम मीणा, रामसिंह मीणा, बन्नालाल, कन्हैयालाल लुनीवाल, अंबालाल मौर्य, भंवरलाल, जगदीश प्रसाद वर्मा, दीपक, शिवराज रेगर, दुर्गालाल, लक्ष्मी नारायण समेत समाज के दर्जनों लोग मौजूद थे।



