Deoli News 8 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजकीय महाविद्यालय देवली में प्राचार्य पूरणमल वर्मा के मार्गदर्शन में मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में प्रथम एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर की थीम ‘हरा-भरा एवं स्वच्छ परिसर’ रही।

स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों में भाग लेकर श्रमदान किया। एनएसएस नोडल अधिकारी निकिता वर्मा ने स्वयंसेवकों से सेवा, संवेदना और सामाजिक चेतना के साथ सक्रिय भागीदारी की बात कही। कार्यक्रम अधिकारियों रामप्रसाद चौधरी व दिनेश कुमार मीणा ने स्वच्छता एवं हरियाली का संदेश समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवकों ने स्वच्छ, सुंदर एवं हरित परिसर निर्माण का संकल्प लिया।
लम्पी के संभावित प्रकोप को लेकर पशुपालक सतर्क रहे
देवली। जिले में लम्पी स्किन डिजीज के संभावित प्रकोप को देखते हुए पशुपालन विभाग ने नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं। आरआर कॉलेज ऑफ वेटरिनरी एंड एनिमल साइंस, देवली ने भी पशुपालकों से सतर्क रहने की अपील की है। तेज बुखार, शरीर पर गांठें, आंख-नाक से पानी आना, दूध उत्पादन में कमी या कमजोरी जैसे लक्षण दिखने पर तत्काल पशु चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी गई।

संदिग्ध पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग रखने तथा बिना चिकित्सकीय सलाह उपचार नहीं करने को कहा गया। पशुओं के आवास की साफ-सफाई एवं कीट नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई। कॉलेज के वेटरिनरी क्लिनिक कॉम्प्लेक्स में जांच, उपचार एवं पशु चिकित्सा परामर्श की सुविधा उपलब्ध रहेगी।


