Deoli News 16 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शैलेंद्र चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ब्लॉक के सभी चिकित्सा अधिकारियों, एलएचवी और प्रसाविकाओं ने भाग लिया। खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष लोदी के अनुसार इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न महत्वपूर्ण घटक गर्भवती महिला स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, प्रसव, प्रसव पश्चात देखभाल, परिवार कल्याण कार्यक्रम, गैर-संचारी रोग (एनसीडी) और टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान की विस्तार से समीक्षा की गई। खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष लोदी ने खंड स्तरीय प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए जिला स्तरीय अधिकारियों को वर्तमान स्थिति से अवगत करवाया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शैलेंद्र चौधरी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि विभागीय लक्ष्यों को निर्धारित समय सीमा में शत-प्रतिशत अर्जित किया जाए। उन्होंने काम में कोताही न बरतने और स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर तक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। बैठक में जिला नोडल अधिकारी रामकल्याण शर्मा ने चिकित्साकर्मियों को विभागीय ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण दिया।
ब्लॉक प्रोग्राम ऑफिसर रणजीत सिंह राजावत ने जिला स्तरीय अधिकारियों को आश्वस्त किया कि ब्लॉक स्तर पर सभी लक्ष्यों को समय रहते प्राप्त कर लिया जाएगा।


