बुधवार देर रात सड़क हादसे में गई थी युवक की जान
Deoli News 19 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के पेट्रोल पंप चौराहे से एजेंसी मार्ग पर राजपूत कॉलोनी के बाहर बने अधिक ऊंचाई वाले ब्रेकर से बुधवार देर रात हादसा हुआ। इस हादसे में देवली के एजेंसी एरिया निवासी 28 वर्षीय युवक संकल्प शर्मा की मौत हो गई।
परिजनों ने यहां कॉलोनी के बाहर बने ब्रेकर को भी हादसे का जिम्मेदार बताया और पुलिस थाने में रिपोर्ट दी। मामला उजागर होने के बाद स्थानीय उपखंड अधिकारी प्रशासन एवं नगर पालिका मंडल ने त्वरित कार्रवाई की। इस दौरान उपखंड अधिकारी मनोज कुमार मीणा, पालिकाध्यक्ष नेमीचंद जैन के निर्देश अनुसार यह ब्रेकर हटा दिया गया। इसे लेकर अधिशासी अधिकारी पवन शर्मा खुद मौके पर पहुंचे और वस्तु स्थिति देखकर यहां बने ब्रेकर को जेसीबी मशीन की मदद से हटा दिया गया है। अधिशासी अधिकारी का कहना है कि यहां सड़क के बीच नाली बनी है। जिस पर पहले से ही पालिका की ओर से फेरोकवर के रूप में जाली लगाई गई है। ऐसे में ब्रेकर का कोई औचित्य नहीं है। लेकिन उनकी जानकारी में आया है कि देर रात तेज रफ्तार से निकलने वाले बजरी के वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए यह ब्रेकर बनाया गया था। फिलहाल प्रशासन की सतर्कता की वजह से यह ब्रेकर हटा दिया गया है।
लेकिन इस सतर्कता में देरी हुई हैं। लेकिन अब नगर पालिका मंडल को शहर में इस तरह से बने और बेडौल व अधिक ऊंचाई वाले ब्रेकर को सूचीबद्ध कर हटाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की हादसे ना हो।


