वार्ड में कूलर बढ़ाने को कहा
Deoli News 27 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नौतपा में हीट वेव व प्रचंड गर्मी के मद्देनजर देवली चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को लेकर सोमवार दोपहर एसडीओ दुर्गा प्रसाद मीणा ने राजकीय चिकित्सालय का निरीक्षण किया।
इस दौरान एसडीओ दुर्गा प्रसाद मीणा ने चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. राजकुमार गुप्ता के साथ वार्डो का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसडीओ ने वार्डों में गर्मी व उमस की स्थिति देखी तथा प्रत्येक वार्ड में एक-एक कूलर बढ़ाने को कहा। चिकित्सा प्रभारी ने बताया कि एसडीओ के निर्देश पर पांच कूलर का आर्डर दिया जा चुका है। सोमवार शाम तक यह कूलर संभवत लग जाएंगे। इसी तरह एसडीओ ने हीट वेव से ग्रसित रोगियों के लिए आरक्षित किए गए वार्ड देखें। चिकित्सा प्रभारी ने बताया कि इन कमरों में हीट वेव के ग्रसित रोगियों के लिए बेड लगाए गए हैं। यदि संख्या बढ़ती है तो कॉटेज वार्ड के प्रत्येक कक्ष में दो-दो बेड लगा दिए जाएंगे। इसी तरह एसडीओ ने साफ सफाई की व्यवस्था का जायजा भी लिया। वही मंगलवार को मेडिकल सेक्रेटरी के संभावित विजिट को लेकर भी चर्चा की। उल्लेखनीय है कि राजकीय चिकित्सालय के कॉटेज वार्ड के तीन कमरों को हीट वेव रोगियों के लिए रिजर्व रखा गया है।
इस दौरान डॉ. राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, डॉ. गोपाल मीणा, नर्सिंग ऑफिसर हरिसिंह मीणा, प्रवीण मीणा सहित मौजूद थे। सोमवार अपरान्ह 3 बजे का तापमान 46 डिग्री दर्ज किया गया। उल्लेखनीय है कि चिकित्सालय प्रबंधन की ओर से हाल ही में 15 एसी व 10 कूलर बढ़ाने की मांग को लेकर टोंक सीएमएचओ को प्रस्ताव भेजा गया है। यदि प्रस्ताव पास होता है तो वार्डों में एसी लगेंगे।


