Deoli News 2 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली में एक नर्सिंग कॉलेज संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। प्रभु इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग कैरियर भीलवाड़ा की देवली शाखा के संचालक रूपेश कुमार चंदेल पर छात्र से 70 हजार रुपए लेकर फरार होने का आरोप है।
रिपोर्ट में पीड़ित छात्र वीरेंद्र कुमार वैष्णव पुत्र रमेश चंद बैरागी निवासी सतवाडा ने बताया कि उसने 8 दिसंबर 2021 को नर्सिंग कोर्स में प्रवेश लिया था। फीस के रूप में तीन किश्तों में कुल 70 हजार रुपए जमा कराए। पहले 15 हजार रुपए ऑनलाइन, फिर 25 हजार और तीसरी किश्त में 30 हजार रुपए दिए। शिक्षण के दौरान पता चला कि संस्था का कोई पंजीकरण नहीं है। संचालक फर्जी तरीके से परीक्षाएं करवा रहा था।
जब छात्र ने अपनी फीस वापस मांगी, तो संचालक ने संस्था में ताला लगाकर फरार हो गया। पीड़ित ने पहले देवली थाने में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने टोंक के पुलिस अधीक्षक को डाक से शिकायत भेजी। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है कि आरोपी संचालक के खिलाफ पहले भी इसी तरह के मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।



