Deoli News 21 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र की नासिरदा थाना पुलिस ने मंगलवार को पंजाब पुलिस के अधिकारियों के साथ आधा दर्जन से अधिक गांवों में फ्लैग मार्च किया है। साथ ही 25 नवंबर को भयमुक्त होकर मतदान करने का संदेश दिया।

नासिरदा थाना प्रभारी हरिमन मीणा ने बताया कि यह फ्लैग मार्च पंजाब पुलिस के डीएसपी राकेश कुमार, इंस्पेक्टर हरभजन सिंह गिल, सहायक उपनिरीक्षक दलजीत सिंह, जसपाल सिंह, बृजेश कुमार की अगवाई में किया गया। इस दौरान दोनों राज्य की पुलिस ने क्षेत्र के बीजवाड़, बड़ला, रामथला, कल्याण जी का थांवला, नई बस्ती थांवला, माताजी का थांवला, बनेडिया कॉलोनी नासिरदा, हिसामपुर आदि गांव में संयुक्त फ्लैग मार्च किया तथा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व निडरता के साथ मतदान करने का संदेश दिया।

इधर, देवली थाना पुलिस ने प्रभारी भंवरलाल वैष्णव की अगवाई में पंजाब पुलिस की आर्म्स बटालियन के साथ मिलकर फ्लैग मार्च किया। यह फ्लैग मार्च सावंतगढ़, दांता ढाणी, पनवाड़, सिरोही, चांदली समेत गांव में किया गया। फ्लैग मार्च के जरिए भय मुक्त मतदान किए जाने का संदेश दिया गया।


