रिश्वत देना व लेना दोनों अपराध, जन जागरूकता बैठक
Deoli News 8 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो टोंक की ओर से बुधवार शाम साढ़े 5 बजे पटेल नगर स्थित पार्श्वनाथ मंदिर परिसर में जन जागरूकता बैठक हुई। इसमें व्यापारियों व आमजन को भ्रष्टाचार के संबंध में जागरूक किया गया।
ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक झाबरमल यादव ने बताया कि एसीबी का मुख्य उद्देश्य भ्रष्ट कर्मचारियों व अधिकारियों पर शिकंजा कसना है। अमूमन देखा गया है कि लोग अपने गलत काम के लिए रिश्वत देते हैं। वही संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उससे अवैध काम के लिए डिमांड करता है। जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए। यदि किसी सही और वैध काम के लिए कोई भी विभाग का कर्मचारी किसी तरह की मांग, सुविधा शुल्क व रिश्वत की पेशकश करता है, तो यह गलत है।
इसके लिए आमजन जागरूक बने तथा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की मदद ले। यदि वैध काम के लिए कोई पैसे की डिमांड करता है तो यह सीधे-सीधे रिश्वत है। इसके लिए आमजन ब्यूरो के हेल्पलाइन नं 1064 तथा व्हाट्सएप नं 9413502834 पर शिकायत कर सकता है। लेकिन यह शिकायत साक्ष्य के आधार पर होनी चाहिए न कि किसी तरह की रंजिश निकालने के लिए।
वही आमजन व लोगों को भी अपने काम करवाने के लिए थोड़ा धैर्य रखना चाहिए। यदि काम में देरी हो तो उच्च अधिकारियों से मिलकर इसके बारे में बात करनी चाहिए। केवल संबंधित विभाग के कर्मचारी व अधिकारी के काम नहीं करने से सभी विकल्प खत्म नहीं होते हैं, बल्कि उच्च अधिकारियों से मिलकर भी अपनी पीड़ा बताई जा सकती है। इस दौरान बैठक में देवली थाना प्रभारी राजकुमार नायक, पार्षद भीमराज जैन, व्यापार महासंघ अध्यक्ष चांदमल जैन, संजय पापड़ीवाल, अकील कुरैशी, संदीप कांटिया, योगेश श्रीमाल, संजय जैन, राजीव भारद्वाज, हरीश जैन समेत मौजूद थे।



