जलापूर्ति की जांच की, कम प्रेशर की आई समस्या
Deoli News 16 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के अलग-अलग वार्डों में हो रहे गंदे पानी की आपूर्ति की जांच को लेकर उपखंड अधिकारी दुर्गाप्रसाद मीणा, पालिका अधिकारी व अभियंताओं के साथ गुरुवार सुबह विभिन्न वार्डों में पहुंचे।
वही सुबह के वक्त हुई जलापूर्ति के पानी की जांच की। उपखंड अधिकारी, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी पवन कुमार शर्मा, कनिष्ठ अभियंता जलदाय विभाग वीरेंद्र सिंह समेत वार्ड नं 9 में पहुंचे। जहां उन्होंने सुबह 6 बजे हुई जलापूर्ति के पानी की जांच की। उपखंड अधिकारी समेत अधीनस्थ अधिकारियों ने पानी देखा तथा उसमें बदबू की भी जांच की। वार्ड नं 9 की महिलाओं ने कहा कि उनके यहां कुछ दिनों से गंदा पानी आ रहा था। शिकायत पर भी कोई समाधान नहीं हुआ था। दरअसल वार्ड पार्षद पवन सिंहल ने उक्त समस्या को बुधवार को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ने धमकी दी थी।
इसी तरह इन अधिकारियों ने वार्ड नं 4 व 7 में भी जाकर लोगों के दूषित पानी के आरोपी की जांच की। जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता ने बताया कि गुरुवार सुबह सभी वार्डों में साफ जलापूर्ति हुई है। कई बार घरों में लगी मोटर पाइपलाइन का गंदा पानी खींच लेती है। इस वजह से यह समस्या आती है। इस दौरान महावीर छीपा, दीपक शर्मा, अरविंद सेन समेत महिलाएं लोग मौजूद थे। उपखंड अधिकारी दुर्गा प्रसाद मीणा का कहना है कि इन वार्डो में गंदे पानी की समस्या नहीं मिली। लेकिन पानी का प्रेशर कम आने की शिकायत लोगों ने बताई है। जिसके लिए प्रयास करेंगे। वार्ड पार्षद पवन सिंहल का कहना है कि गुरुवार सुबह केवल एक घर में गंदा पानी आया है।



