शराब उठाव का उल्लंघन
Deoli News 21 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) आबकारी विभाग देवली की ओर से शुक्रवार को दो शराब की दुकानों पर कार्रवाई की जाकर उन्हें तीन दिन के लिए निलंबित किया गया है। इस दौरान यह दुकानें सील लगाकर बंद की गई।
आबकारी निरीक्षक अशोक कुमार डिडेल के अनुसार देवली की देशी मदिरा कंपोजिट दुकान नं 5 के अनुज्ञाधारी दयाराम सिंह मीणा वर्तमान में वर्ष 2024-25 तक अनुज्ञाधारी है। पूर्व में उक्त दुकान में अनियमित पाई गई तथा अनुज्ञाधारी के विरुद्ध अभियोग दर्ज किए गए। वहीं उक्त दुकान में वर्तमान में जून 2024 तक 29 लाख 61 हजार 615 का मदिरा उठाव व बकाया कायम है। लिहाजा अनुज्ञाधारी को मदिरा उठाव व बकाया जमा के लिए कई बार नोटिस दिए गए।
जिसकी पालना नहीं होने पर जिला आबकारी अधिकारी के आदेश पर शुक्रवार को 21 से 23 जून तक 3 दिन के लिए उक्त शराब की दुकान को निलंबित किया है। इसी तरह निरीक्षक समेत आबकारी पुलिसकर्मियों ने देशी मदिरा कंपोजिट दुकान चांदली अनुज्ञाधारी देवराज सिंह मीणा की दुकान का भी 23 जून तक निलंबन किया है। यह अनुज्ञाधारी भी 30 जून तक लाइसेंस की वैधता रखते हैं। उक्त दुकान पर जून 2024 तक 27 लाख 96 हजार 685 रुपए का मदिर उठाव व बकाया कायम है। इस उक्त दुकान पर भी निलंबन की कार्रवाई की गई। दोनों दुकानों को सील लगाकर बंद कर दिया गया है।



