साकेत कॉलोनी से फिर बाइक चोरी
Deoli News 27 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने एवं बिना नंबर की बाइकों पर शनिवार को देवली थाना पुलिस ने कार्रवाई की हैं।
देवली थाना प्रभारी राजकुमार नायक के अनुसार चोरी की वारदातों का खुलासा करने तथा संदिग्ध बाइक, बिना नंबर की बाइक के विरुद्ध कार्रवाई करने को लेकर तीन टीम गठित की गई। जानकारी के अनुसार देवली शहर में जहाजपुर तिराहे पर सहायक उप निरीक्षक करण सिंह, यातायात प्रभारी इमरान खान, परशुराम सर्कल पर हेडकांस्टेबल ओमप्रकाश यादव, पेट्रोल पंप चौराहा पर सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह समेत पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से वाहनों पर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान बिना नं की 28 संदिग्ध बाइक व दो संदिग्ध टेंपो बिना नंबर के मोटर व्हीकल अधिनियम 207 के तहत जब्त किए गए। उक्त कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। वहीं थाना परिसर में बाइकों का जमावड़ा लग गया।
…और इधर ले उड़े बाइक
वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस एक ओर कार्रवाई करती रही। वहीं दूसरी ओर साकेत कॉलोनी से चोर बाइक चुरा कर ले गया। जानकारी के अनुसार यह बाइक कॉलोनी निवासी प्रेम ओझा की है, जो उनके साकेत कॉलोनी घर के बाहर खड़ी थी। इस दौरान बारिश आने से बाहर खेल रहे बच्चे अंदर चले गए। वहीं दो युवक आए। जिन्होंने बाइक चोरी की योजना बनाई। इनमें से मुंह पर रुमाल बंद कर आया नीली शर्ट पहने एक युवक बाइक में तत्काल चाबी लगाकर फरार हो गया। इसे लेकर पीड़ित की ओर से रिपोर्ट दी जा रही है।उल्लेखनीय है कि देवली में बाइक चोरी की वारदात बेलगाम हो चुकी है। वही इन चोरों ने पुलिस की नाक में दम कर दिया है। हालांकि देवली पुलिस लगातार हाथ पैर मार रही है। लेकिन फिलहाल सफलता हासिल नहीं हुई है।



