Deoli News 31 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के समीप बुधवार रात एक 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक समीप की ज्योति कॉलोनी निवासी है।
देवली थाने के हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार ने बताया कि मृतक बद्रीलाल मेवाड़ा पुत्र देवीलाल मेवाड़ा निवासी ज्योति कॉलोनी ग्राम पंचायत ऊंचा, थाना हनुमान नगर है, जो पेशे से ट्रक ड्राइवर है। बताया गया कि बद्रीलाल का ट्रक यहां परशुराम सर्कल के पास स्थित कस्तूरबा गांधी के पास खड़ा था। जहां वह प्रतिदिन शाम के वक्त रोजी रोटी होने के चलते ट्रक पर दीपक बाती करने आता था। बुधवार शाम भी वह घर से ट्रक पर दीपक करने के लिए रवाना हुआ। लोगों ने पुलिस को बताया कि वह डिवाइडर के पास बैठा तथा घबराने लगा। इस बीच वह अचेत हो गया। लोगों ने इसकी सूचना देवली थाना पुलिस को दी। सूचना पर देवली पुलिस पहुंची और अचेत बद्रीलाल को देवली चिकित्सालय लेकर गई। जहां जांच किए जाने के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को मोर्चरी में रख दिया गया है। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।



