आपदा में अवसर खोजने का प्रयास
Deoli News 5 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली गांव रोड स्थित नेकचाल तालाब के लबालब होने बाद ओवरफ्लो से हुई पानी की निकासी में जहां देवली गांव के ग्रामीणों को परेशानी हुई। वहीं दूसरी ओर बहकर आई मछलियों को पकड़ने की सोमवार सुबह लूट मच गई।
इस दौरान दर्जनों लोग लाठियों व जाल लगाकर मछलियां पकड़ते नजर आए। इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई।उल्लेखनीय है कि सीआईएसएफ परिसर स्थित नेकचाल तालाब में बीते क़ई घण्टों हुई लगातार बरसात के बाद सोमवार सुबह तालाब लबालब होकर ओवरफ्लो हो गया। जिससे तालाब में पल रही हजारों मछलियां ओवरफ्लो पानी के बहाव में बहकर देवली गांव की ओर जाने लगी। इस दौरान जैसे ही लोगों को ओवरफ्लो पानी के बहाव में मछलियों के बहकर आने की सूचना मिली तो दर्जनों लोग लाठियों, मछली पकड़ने के जाल के साथ पहुँच गए और मछलियां पकड़ने लगे। लोगो ने पानी के बहाव के स्थान पर जाल लगा दिए, जिससे मछलियां जाल में फंस गईं। लोग जाल के अभाव में लाठियों से वार कर मछलियां पकड़ते नजर आए। इस नजारे को देखने के लिए लोगो की भीड़ जुटी रही। लोगों ने इस दृश्य के वीडियो भी बनाएं।



