Deoli News 5 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) प्रदेश के सबसे बड़े जलापूर्ति करने वाले बीसलपुर डेम में बीते 32 घण्टों के दौरान आधा मीटर से अधिक पानी की आवक हुई है, जो इस सीजन की बड़ी आवक है।
आंकड़ो के मुताबिक बीसलपुर डेम में 4 अगस्त को सुबह 6 बजे जलस्तर आरएल 310.16 मीटर था। इस दौरान 4 अगस्त को पूरे दिन हुई लगातार वर्षा से क्षेत्रीय पानी की आवक डेम में बनी। जिससे 5 अगस्त सुबह 6 बजे डेम का जलस्तर बढ़कर आरएल 310.38 हो गया। डेम में ये आवक निरन्तर बनी रहने से सोमवार दोपहर 2 बजे जलस्तर बढ़कर आरएल 310. 75 मीटर हो गया। इस तरह बीते 24 घण्टों में 22 सेमी और आज 2 बजे तक बीते 8 घण्टों में 43 सेमी पानी आने से कुल 65 सेमी पानी आवक हुई है। डेम में 4 अगस्त को कुल जल संग्रहण 11.242 टीएमसी था, जो सोमवार को 2 बजे तक बढ़कर 13.068 टीएमसी हो गया। इस तरह डेम में करीब 1.826 टीएमसी पानी की आवक हुई है।



