Deoli News 30 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) इस बार बीसलपुर बांध में जलभराव होने व बोरडा गणेशजी मंदिर परिसर में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था न होने समेत अन्य कारणों से इस वर्ष गणेश चतुर्थी मेले का आयोजन नहीं जाएगा।
जबकि गणेश चतुर्थी के दिन आम दिनों की तरह सुबह से दर्शन की व्यवस्था जारी रहेगी। ट्रस्ट अध्यक्ष गिरिराज जोशी ने बताया इस मौके पर बोरडा गणेशजी मंदिर में भगवान गणेशजी की विशेष झांकी सजाई जाएगी। श्रद्धालु सुबह से रात्रि तक इस झांकी के दर्शन कर सकेंगे। इससे पहले गणेश चतुर्थी की पूर्व संध्या पर भजन संध्या एवं श्रद्धालुओं के लिए भामाशाह की ओर से नि:शुल्क भोजन की व्यवस्था रहेगी। परिसर में मेला आयोजित नहीं किए जाने के चलते मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए नारियल, प्रसाद, माला, अगरबत्ती की दुकाने लगेगी। लेकिन अन्य व्यापारिक गतिविधियां नहीं हो सकेंगी। साथ ही झूले चकरी, खेल तमाशा, नौकायन या नदी में स्नान पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा। गणेश नाले से मंदिर तक पहुंचने के लिए बुजुर्गों, महिलाओं व बच्चों के लिए नि:शुल्क वाहन की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।यातायात व्यवस्था पूर्णतया पुलिस व प्रशासन के निर्देशानुसार संचालित होगी। इसे लेकर गत 26 अगस्त को हुई मंदिर ट्रस्ट की बैठक में आवागमन के मार्गों एवं पार्किंग स्थल की उपलब्धता पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से मेला आयोजित नहीं करने एवं केवल दर्शनों की व्यवस्था जारी रखने का निर्णय लिया गया था।



