पाळ रास्ते पर मिट्टी डलवाने की मांग
Deoli News 24 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली गांव को जोड़ने वाली नेकचाल तालाब पाळ मरम्मत की मांग को लेकर ग्रामीणो का मंगलवार को दूसरे दिन भी एसडीओ कार्यालय के बाहर अनशन जारी रहा। उल्लेखनीय है कि कई वर्षों से नेकचाल पाळ मार्ग क्षतिग्रस्त है।
जिससे पानी रिसाव से कीचड़ हो रहा है। रास्ते पर पानी रुकने से रास्ता कीचड़ युक्त व गड्ढे में तब्दील होकर जानलेवा हो चुका है। डामर सड़क का नामोनिशान मिट चुका है। ग्रामीण यहां लंबे समय से क्षतिग्रस्त पाळ पर मिटटी डलवा कर सही करवाने की मांग कर रहे हैं। लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणो ने बताया कि देवली गांव पटवार हल्का के खसरा नम्बर 4106 नेकचाल तालाब की 200 मीटर लंबी पाळ क्षतिग्रस्त है। इसे लेकर ग्रामीणों ने उपखंड कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया है, जो दूसरे दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और कहा कि मांग पूरी नहीं होने तक अनशन जारी रहेगा। इधर, भाजपा शहर व देहात मंडल, नेकचाल बालाजी मंदिर समिति, रिको संघ देवली, गोरक्ष सेना संस्थान एवं पंचायत समिति सदस्यों ने मांग का लिखित समर्थन किया।



