Deoli News 9 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) भरनी गांव में पिछले तीन दिनों से चोरी की वारदातों का सिलसिला लगातार जारी हैं। चोर दिन दहाड़े वारदातों को अंजाम दे रहे है। दरअसल चोरों ने गत दिनों मंदिर व दो घरों में रखी लाखों रुपए की चांदी, सोने के जेवरात पार कर लिए।
घाड थाना क्षेत्र के भरनी गांव में रविवार से चोरी की वारदात हो रही है। भरनी निवासी मदन माली सब्जी का ठेला लगाकर अपना जीवन यापन करता है। परिवार रविवार को जजावर माताजी के दर्शन करने गया था। पीछे से अज्ञात चोर घर का दरवाजा खोलकर अंदर घुसे और घर में रखी करीब एक किलो चांदी की कनकती, मांदलिया, 15 हजार नकदी पार कर ली। वहीं चतुर्भुज मीणा के बेटे के मकान में रामायण पाठ चल रहा था। यह परिवार दूसरे मकान में था। अज्ञात चोर ने चांदी की कनकती, मंगलसूत्र व 3 हजार रुपए की नकदी चुरा ली। इसी तरह भरनी में दिन दहाड़े लक्ष्मीनाथ मंदिर से चांदी के मुकुट चोरी हो गए। यहां मुख्य बाजार और आबादी के बीच स्थित भगवान लक्ष्मीनाथ मंदिर से चोर चांदी के मुकुट ले उड़े।
मंदिर के पुजारी शम्भू दयाल शर्मा ने बताया वह मंदिर के दिन में एक बजे पट बंद कर गया था। वापस 3 बजे मन्दिर के पट खोलने आया, तब वारदात का पता चला। पुजारी ने बताया कि दोनों मुकुट करीब एक किलोग्राम वजनी थे। दो मुकुट बड़े तथा दो मुकुट छोटे थे।


