आधार नामांकन व आधार त्रुटि सुधार में समस्या
Deoli News 18 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) आधार ऑपरेटर ने विभिन्न समस्याओं को लेकर बुधवार को देवली उपखंड अधिकारी व सूचना प्रौद्योगिक विभाग कार्यालय में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि आधार ऑपरेटर को आधार नामांकन व आधार त्रुटि सुधार काम में कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
इसमें आधार कार्ड अपडेट करने में नया आधार कार्ड बनाने में सही दस्तावेज लगाने के बावजूद भी आधार का रिजेक्शन हो रहा है। जिसके चलते आधार ऑपरेटर को डिएसोसिएट होने व पेनल्टी लगने का लगातार खतरा बना रहता है। साथ ही आधार में जन्मतिथि बदलवाने के लिए ओरिजिनल जन्म प्रमाण पत्र होने के बावजूद भी रिजेक्शन व होल्ड हो रहे हैं और नाम अपडेट में संशोधन करने पर भी आधार रिजेक्शन व होल्ड हो रहे हैं। इसके अलावा जन्मतिथि बदलने के लिए जन्म प्रमाण पत्र के साथ-साथ संबंधित कार्यपालक मजिस्ट्रेट के आदेश की प्रति नहीं होने से आमजन को परेशानी हो रही है।
वर्तमान में चल रही अपार आईडी के कारण विद्यार्थियों को आधार अपडेशन में समस्या आ रही है। आधार ऑपरेटर मानसिक रूप से परेशान हो रहे है। यूआईडीएआई के द्वारा स्कूलों के द्वारा दिए जाने वाला शाला दर्पण अध्यनरत प्रमाण पत्र को यूआइडीएआइ के दस्तावेज लिस्ट में नाम नहीं होने के कारण आधार में संशोधन नहीं हो पाते हैं। इस दौरान देवली ब्लॉक के आधार ऑपरेटर अखिल जैन, कैलाश दरोगा, सुरेन्द्र सिंह, नन्दकिशोर अजमेरा, वीरेन्द्र मेहरा, सावरा वैष्णव, गौरव जागिड, कमलेश वैष्णव मौजूद थे।



