दो बाइक भी बरामद हुई
Deoli News 10 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली थाना पुलिस ने बाइक चोरी की गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोर गिरफ्तार कर उनके पास से दो मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं अन्य वारदातों के संबंध में पुलिस पूछताछ कर रही है।
थाना प्रभारी दौलत राम गुर्जर के अनुसार गत 29 जनवरी को सावर थाने की घटियाली निवासी एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि उसकी बाइक सीड्स फाइनेंस लिमिटेड देवली के बाहर खड़ी थी, जो शाम 7 बजे करीब चोरी हो गई। इसी तरह 4 फरवरी को पटेल नगर निवासी एक व्यक्ति ने रिपोर्ट में बताया कि प्रार्थी की बाइक घर के बाहर खड़ी थी। जिसे रात 8 बजे अज्ञात चोर चुराकर ले गए। इन सभी प्रकरणों को दर्ज करने के बाद पुलिस ने सहायक उप निरीक्षक सीताराम के नेतृत्व में टीम गठित की और चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी संसाधन एवं जानकारियां जुटाकर बाइक चोर उमराव उर्फ रोशन पुत्र बजरंग मीणा निवासी नाभो का मोहल्ला धुआ थाना घाड़ एवं फिरोज उर्फ सोनू पुत्र अब्दुल हफीज देशवाली निवासी वार्ड नं 6 जैन मोहल्ला धुआ थाना घाड़ को गिरफ्तार किया है।

जिनके पास से एक हीरो एचएफ डीलक्स और एक स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद हुई है। चोरी की वारदात खुलासा करने में हेड कांस्टेबल अब्दुल वहाब और इस्माइल का सराहनीय योगदान रहा है। इसके अलावा हेड कांस्टेबल रमेश, पुलिसकर्मी हुकुमनाथ और करतार ने भी पूरा सहयोग किया।


