Deoli News 6 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा ने मंगलवार को हनुमान नगर थाने का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं।
इस दौरान थाना प्रभारी गणेशाराम मीणा सहित पुलिसकर्मियों ने भोजनशाला की समस्या बताई, जिस पर विधायक ने आश्वासन दिया कि जल्द ही भोजनशाला बनवाई जाएगी। उधर, हनुमान नगर क्षेत्र के मायला पोल्या के ग्रामीणों ने जहाजपुर उपखंड अधिकारी और जिला कलक्टर को पत्र भेजकर खेमा का खेड़ा की बजाय मायला पोल्या को ग्राम पंचायत बनाने की मांग की है। ग्रामीणों का तर्क है कि मायला पोल्या में अधिक आबादी, उच्च माध्यमिक विद्यालय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र है, और यह क्षेत्रफल में भी बड़ा है, इसलिए इसे ग्राम पंचायत बनाया जाना चाहिए।
ग्रामीणों ने बताया कि मायला पोल्या में पर्याप्त मात्रा में राजकीय सिवायचक भूमि और गोचर भूमि है, जिससे भविष्य में किसी भी राजकीय विभाग के कार्यालय के निर्माण के लिए अलग से भूमि अधिग्रहित करने की आवश्यकता नहीं होगी।


