एक कनिष्ठ अभियंता पर दो क्षेत्रों का भार
Deoli News 14 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जलदाय विभाग कार्यालय देवली में पिछले 6 महीने से एक कनिष्ठ अभियंता का पद रिक्त चल रहा है। ऐसी स्थिति में दूसरे कनिष्ठ अभियंता पर शहर और ग्रामीण क्षेत्र का दो गुना भार पड़ रहा है। इससे व्यवस्थाए प्रभावित हो रही है।

लेकिन उच्च अधिकारी रिक्त पद की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जबकि जलापूर्ति व्यवस्थाओं को लेकर मंगलवार को नगर पालिका सभागार में आयोजित हुई बैठक में जनप्रतिनिधियों ने काफी नाराजगी व्यक्त की थी। जानकारी के अनुसार देवली जलदाय विभाग में दो कनिष्ठ अभियंताओं के पद स्वीकृत है। इसमें एक कनिष्ठ अभियंता ग्रामीण जलापूर्ति व्यवस्था देखते हैं। जबकि दूसरे कनिष्ठ अभियंता शहरी व्यवस्थाओं का भार संभालते हैं। लेकिन पिछले 6 महीने से एक ही कनिष्ठ अभियंता शहर और ग्रामीण इलाकों की जलापूर्ति व्यवस्था का काम देख रहे हैं।
ऐसे में अकेले एक ही कनिष्ठ अभियंता पर देवली शहर की जलापूर्ति व्यवस्था शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में हेडपंप जल, जीवन मिशन, जनता जल योजना ग्रामीण क्षेत्र के हेडपंप, नए कनेक्शन आदि का भार पड़ रहा है। इन दिनों शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर प्रतिदिन सुबह साढ़े 5 बजे सप्लाई चेक करना भी एक चुनौती साबित हो रहा है। बता दे कि देवली शहर और ग्रामीण क्षेत्र का भार लगभग बराबर है। ग्रामीण क्षेत्र में दूनी स्कीम, राजमहल, नगरफोर्ट, बंथली, घाड़, धुआ कला, सांवतगढ़, आवा समेत दर्जनों गांव है।
लिहाजा मांग के अनुरूप जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को देवली में एक कनिष्ठ अभियंता और लगाना चाहिए, ताकि व्यवस्थाएं सुचारू हो सके। जानकारी के मुताबिक पूर्व में कार्यरत महिला कनिष्ठ अभियंता के ट्रांसफर के बाद से यह पद रिक्त है। हालांकि इसके बाद एक कनिष्ठ अभियंता के नियुक्ति के ऑर्डर हुए, लेकिन उन्होंने ज्वाइन नहीं किया।


