स्मार्ट गर्ल्स कार्यशाला
Jahazpur News 7 जून (मोहम्मद आज़ाद नेब) स्वस्तिधाम जहाजपुर में आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी के सान्निध्य में बीजेएस पुणे के तत्वावधान में दो दिवसीय “स्मार्ट गर्ल्स” कार्यशाला का आयोजन सम्पन्न हुआ। इस राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला में इंदौर, सूरत, कोटा, पीपल्दा, भीलवाड़ा व जहाजपुर सहित देशभर के 50 शहरों से करीब 350 बालिकाओं ने भाग लिया।
इन बालिकाओं के साथ उनके अभिभावकों ने भी आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यशाला के सात विशेष सत्रों में आत्मविश्वास, आत्मनिरीक्षण, आत्म-सुरक्षा जैसे महत्त्वपूर्ण विषयों पर बालिकाओं को प्रशिक्षित किया गया। बालिकाओं के व्यक्तित्व विकास और भावी जीवन की दिशा तय करने वाले इन सेशन ने सभी प्रतिभागियों को प्रेरित किया। समापन में बीजेएस के कई राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने उपस्थिति दर्ज कराई।
इसमें नंदकिशोर सांखला (राष्ट्रीय अध्यक्ष), डॉ. पंकज चौपड़ा (राष्ट्रीय महासचिव), प्रदीप संचेती (राष्ट्रीय सचिव एवं राजस्थान प्रभारी), दीपक चोपड़ा (राष्ट्रीय सचिव), हर्षिता जैन (नेशनल हेड, स्मार्ट गर्ल), आतिश लोढ़ा (राज्य महासचिव), डॉ. पुष्पा गोखरू (भीलवाड़ा), अनिता जैन (कोटा), अनुराधा चौधरी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे। बालिकाओं के साथ उनके माता-पिता के लिए भी दोनों दिन विशेष सेशन आयोजित हुए, जिनमें वर्तमान सामाजिक और तकनीकी परिवेश में माता-पिता की भूमिका, बच्चों की सोच, क्षमता और लक्ष्य निर्धारण जैसे विषयों पर संवाद हुआ।
आयोजन में बीजेएस भीलवाड़ा चैप्टर की भी सक्रिय भूमिका रही। संरक्षक आरएल टुकलिया, अध्यक्ष अनिल कोठारी, सुशील चपलोत, भूपेन्द्र पगारिया, महिला विंग अध्यक्ष मधु लोढ़ा, महामंत्री किरण सेठी आदि का सहयोग रहा।


