सकल जैन समाज ने लिया भाग
Deoli News 12 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) स्मृति परिवर्तन के तहत शुक्रवार को वीरशासन जयंती महामहोत्सव मनाया गया। चातुर्मास कमेटी के महामंत्री घीसालाल जैन ने बताया कि वीरशाशन जयन्ती पर प्रथम सत्र में चातुर्मास स्थल पर ही मुनि प्रणीत सागर महाराज के सानिध्य में प्रातः कालीन समारोह हुआ।
जिसमें सभी श्रावकों द्वारा मुनि को जिनवाणी भेंट की गई। मीडिया प्रभारी विकास जैन ने बताया कि सांयकालीन सत्र में नगरपालिका टीनशेड में वृहद आकार के स्वास्तिक के माध्यम से आयोजन की शुरुआत की गई। मुनि प्रणीत सागर महाराज ने प्रत्येक रिधिमन्त्रों के साथ करीब 3 हजार दीपकों को प्रज्वलित कर सम्पूर्ण जाप की गई। मुनि ने वीरशासन पर्व पर बताया कि श्रावण कृष्ण प्रतिपदा के दिन भगवान महावीर की दिव्यध्वनि मुखरित हुई थी।
आयोजन में सकल जैन समाज ने अपनी भागीदारी निभाई एवं यह आयोजन णमोकार मण्डल के सदस्यों द्वारा संचालित किया गया। जबकि 13 जुलाई मध्यान्ह में चातुर्मास कलश की स्थापना होगी। जिसकी अध्यक्षता समाज अध्यक्ष बंशीलाल सर्राफ व मुख्य अतिथि नेमीचंद जैन अध्यक्ष नगर पालिका देवली होंगे।
इसी तरह जिनशासन जयंती पर पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर पटेल नगर देवली में 108 कलशों से भगवान पार्श्वनाथ की मूलनायक प्रतिमा पर भक्तिभाव से जलाभिषेक किया गया तथा इसके बाद शांतिधारा की गई। अभिषेक व शांतिधारा के बाद सभी लोगों ने पूजा अर्चना कर अपने पापों का क्षय किया।


