Deoli News 3 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजकीय महाविद्यालय देवली में बुधवार को रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ।
प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. पूरणमल वर्मा के मार्गदर्शन में देवली की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की पुलिसकर्मी रजिया बानो एवं सुमन शर्मा द्वारा महाविद्यालय की छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने साधारण वार्म अप के साथ आत्मरक्षा की तकनीक बताई और राजकॉप सिटीजन ऐप के माध्यम से स्वयं की रक्षा करने के तरीकों को भी साझा किया। उन्होंने बालिकाओं को मानसिक रूप से स्वस्थ एवं स्वयं में आत्मविश्वास को जागृत करने के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण को आवश्यक बताया। महाविद्यालय प्राचार्य ने बताया कि यह आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर 4 सप्ताह तक निरंतर चलेगा, जिसमें छात्राओं की 75% उपस्थिति अनिवार्य है।
वहीं 75 प्रतिशत उपस्थिति होने के बाद ही छात्राओं को सर्टिफिकेट दिया जाएगा। इस दौरान आत्मरक्षा प्रशिक्षण केंद्र नोडल डॉ. ज्योति गुप्ता एवं सदस्य डॉ. वन्दना यादव भी उपस्थित थी।


