खुशियों के बीच मातम छाया
Deoli News 28 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी तहसील की चंदवाड़ ग्राम पंचायत में कार्यरत एलडीसी दुर्गालाल मीणा का शनिवार रात आकस्मिक निधन हो गया। हृदय विदारक बात यह है कि शनिवार को ही उनका 45वां जन्मदिन था।
जिसे उन्होंने रात 11 बजे तक अपने परिवार के साथ खुशी और उत्साह से मनाया था। जन्मदिन का जश्न मनाने के बाद वे खाना खाकर सोने चले गए, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। रात में अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल दूनी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सक सतीश जोहरवाल ने जाँच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के अनुसार मौत का कारण दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ना रहा।
घाड़ थाना क्षेत्र के डाटुदा गांव निवासी दुर्गालाल मीणा के तीन बच्चे हैं। उनका एक बेटा और एक बेटी वर्तमान में जयपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग कर रहे हैं। एएसआई मदन लाल गुर्जर ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने अस्पताल पहुँचकर आवश्यक कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। शनिवार रात जहाँ घर में जन्मदिन की खुशियाँ और हंसी-मजाक का माहौल था, वहीं सुबह मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पंचायत एलडीसी के असामयिक निधन की सूचना मिलते ही चंदवाड़ ग्राम पंचायत के कर्मचारियों और ग्रामीणों में शोक है।
बड़ी संख्या में कर्मचारी और स्थानीय लोग अस्पताल और उनके पैतृक गांव पहुंचे। रविवार को डाटूँदा गांव में गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।


